दिल्ली के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि पिछले आठ वर्षों के दौरान एक मंत्री के रूप में मैंने अपना कार्य पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया है। दुनिया की कोई ताकत ना मुझसे बेईमानी करा सकती है और ना ही अपने काम के प्रति मेरी निष्ठा कम कर सकती है।
मंत्री पद से इस्तीफा देते हुए मनीष सिसोदिया ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन पन्नों की चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे सारे इल्जामों का जवाब देते हुए भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने लिखा, मैं इसे अपना बहुत बड़ा सौभाग्य समझता हूं कि मुझे आपके (अरविंद केजरीवाल) नेतृत्व में लगातार आठ वर्षों तक दिल्ली सरकार में मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। मुझे खुशी है कि पिछले आठ साल में दिल्लीवासियों की जिंदगी में खुशहाली और समृद्धि लाने का जो काम आपके नेतृत्व में हुआ है, एक मंत्री के नाते मुझे भी उसमें थोड़ी बहुत भूमिका निभाने का अवसर मिला है। विशेषकर शिक्षा मंत्री के रूप में मिली जिम्मेदारी, शायद पिछले जन्मों का कुछ पुण्य रहा होगा जिनके फलस्वरूप मुझे इस जन्म में मां सरस्वती की सेवा का ऐसा महान अवसर मिला।

